नाशिक: स्पा सेंटर के नाम पर देह व्यापार का पर्दाफाश, 5 युवतियां मुक्त, महिला आरोपी गिरफ्तार

नाशिक शहर के मुंबईनाका क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पॉश इलाके में ‘स्पा’ सेंटर के नाम पर चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ मध्यवर्ती अपराध शाखा ने किया है।
गुरुवार रात पुलिस ने छापेमारी कर दिल्ली, कानपुर, बिहार और मिजोरम की 5 पीड़ित युवतियों को छुड़ाया। इस कार्रवाई में खुशबू सुराणा नामक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि खुशबू सुराणा पर पहले भी अनैतिक देह व्यापार और नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें ‘पॉक्सो’ कानून भी शामिल है।
यह गैरकानूनी धंधा मुंबईनाका के एक नए व्यावसायिक परिसर में ‘आरंभ स्पा’ नाम से चलाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की और पीड़िताओं को जबरन देह व्यापार में धकेले जाने से बचाया।
इस सनसनीखेज खुलासे से शहर में हड़कंप मच गया है। आरोपी महिला के खिलाफ मुंबईनाका पुलिस थाने में नया मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
