Breaking NewsCrime NewsMaharashtra

नांदेड में खौफनाक वारदात: पिता ने बेटी और उसके प्रेमी के हाथ-पाँव बांधकर कुएं में फेंका, दोनों की दर्दनाक मौत

नांदेड जिले के उमरी तहसील के गोळेगांव गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग के चलते पिता ने अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दोनों के शव कुएं में फेंक दिए। यह मामला सोमवार को उजागर हुआ। पुलिस ने लड़की के पिता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतकों की पहचान संजीवनी सुधाकर कमळे (19) और लखन बालाजी भंडारे (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजीवनी विवाहित थी जबकि लखन अविवाहित था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। सोमवार को लखन संजीवनी से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान संजीवनी के ससुराल वालों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। उन्होंने लखन को पकड़कर रख लिया और संजीवनी के पिता मारुती लक्ष्मण सुरणे को बुला लिया।

पिता ने बांधे हाथ-पाँव और फेंका कुएं में
घटना की जानकारी मिलते ही मारुती सुरणे तत्काल बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां से उन्होंने अपनी बेटी और उसके प्रेमी को गोळेगांव से बोरजुन्नी गांव की ओर ले जाया। रास्ते में करकाळा शिवार इलाके में दोनों के हाथ-पाँव बांधकर उन्हें कुएं में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी मारुती सुरणे खुद उमरी पुलिस थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव निकालने का प्रयास शुरू किया। शाम तक पुलिस ने संजीवनी का शव बरामद कर लिया, जबकि लखन का शव खोजने का कार्य देर रात तक जारी रहा। इस मामले में पुलिस ने मारुती सुरणे, उसके भाई माधव सुरणे और पिता लक्ष्मण सुरणे को गिरफ्तार किया है। उमरी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक अंकुश माने आगे की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button