Breaking NewsJalna

जालना में आवारा जानवरों पर सख्ती: सड़क पर मवेशी छोड़ने वालों पर होगी जुर्माना व कानूनी कार्रवाई – जिल्हाधिकारी व आयुक्त आशिमा मित्तल

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर में तेजी से बढ़ रही आवारा जानवरों की समस्या पर रोक लगाने के लिए जिल्हाधिकारी एवं आयुक्त आशिमा मित्तल ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में मवेशियों के बेधड़क घूमने से नागरिकों को हो रही परेशानी के मद्देनज़र प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का निर्णय लिया है।

सड़कों पर छोड़े गए इन जानवरों के कारण यातायात जाम, दुर्घटनाओं की संभावना और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इस पर जिल्हाधिकारी मित्तल ने मनपा के संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि ऐसे जानवरों को सड़कों पर खुला छोड़ने वाले मालकों पर जुर्माना लगाया जाए और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की स्वच्छता, सुव्यवस्था और सुचारू यातायात सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए मनपा, पशुसंवर्धन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम नियमित अभियान चलाएगी।

अभियान के दौरान पकड़े गए आवारा जानवरों को सरकारी गौशाला में रखा जाएगा। मालिक की पहचान होने पर नियमों के अनुसार जुर्माना वसूलकर ही जानवर वापस सौंपे जाएंगे।

जिल्हाधिकारी मित्तल ने नागरिकों से भी अपील की है कि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर जानवरों को खुला छोड़ना कानून के विरुद्ध है और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस नियम का पालन सभी को अनिवार्य रूप से करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button