Breaking NewsCrime NewsJalna

सुपारी देकर व्यापारी से मारपीट व लूट करने वाले 6 आरोपियों की गैंग चंदनझिरा पुलिस के शिकंजे में ; 2 लाख 43 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के समीप मांडवा शिवार में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई थी। मोसंबी का बाग दिखाने के बहाने एक व्यापारी और उसके पुत्र को सुनसान जगह पर बुलाकर बेरहमी से मारपीट की गई और उनके पास मौजूद नकद राशि, सोने की अंगूठी व मोबाइल फोन जबरन छीन लिए गए। इस मामले में चंदनझिरा पुलिस थाना में अपराध दर्ज किया गया था।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक बालासाहेब पवार ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। पीड़ित व्यापारी पहली बार जालना क्षेत्र में आया था और उसकी किसी से पहचान न होने के कारण शुरुआती तौर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिल रहा था। हालांकि, चंदनझिरा पुलिस टीम ने कुशल व तकनीकी जांच तथा गोपनीय सूचना के आधार पर यह अपराध गणेश परळकर द्वारा अपने साथियों के साथ किए जाने की पुष्टि की।

पुलिस ने गणेश संतोष परळकर (उम्र 21 वर्ष, निवासी गांधीचमन, जालना; वर्तमान निवासी सुंदरनगर, चंदनझिरा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उसने लाडसावंगी, जिला छत्रपती संभाजीनगर के एक व्यक्ति से सुपारी लेकर अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया—
1) महेश उर्फ सोनू राजू गोशीक (उम्र 24, निवासी लक्ष्मीनारायणपुरा,जालना),2)गणेश बाबूराव मोहिते (उम्र 42, निवासी जालना हॉस्पिटल के पीछे, जालना)3)गणेश भावराव पाखरे (उम्र 43, निवासी दरेगांव, जिला छत्रपती संभाजीनगर),4)इलियास नजीरुद्दीन वागवान (निवासी लाडसावंगी, जिला छत्रपती संभाजीनगर)
तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी इलियास बागवान और इस मामले में घायल अशफाक बागवान के बीच पुराना विवाद था। इसी रंजिश के चलते इलियास बागवान ने दरेगांव निवासी गणेश पाखरे के माध्यम से गणेश परळकर और उसकी गैंग को सुपारी दी थी। इसके बाद सभी आरोपियों ने साजिश रचकर व्यापारी और उसके बेटे को मोसंबी का बाग दिखाने के बहाने बुलाया, मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किया और नकदी, सोने की अंगूठी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

जांच के दौरान आरोपियों गणेश परळकर और गणेश मोहिते ने अपने तीसरे साथी कृष्णा दीपक पैंजणे के साथ मिलकर अंबड रोड पर अशोक होटल के सामने दिनदहाड़े एक दोपहिया सवार को रोककर खंजर से हमला कर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये लूटने की भी कबूलियत दी। इस संबंध में तालुका पुलिस थाना, जालना में अपराध क्रमांक 776/2025 के तहत मामला दर्ज होने और आरोपी के फरार रहने की जानकारी मिली। इसके बाद कृष्णा पैंजणे को तालुका पुलिस थाना, जालना के हवाले किया गया है।

इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, दो खंजर और मोटरसाइकिलें—कुल मिलाकर लगभग 2 लाख 43 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है। इस गैंग का एक आरोपी जित्तू मेहरा (निवासी मस्तगड) अभी फरार है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई को लेकर अनंत कुलकर्णी ने बताया कि इस गिरोह से जिले के अन्य अपराधों के भी खुलासे की संभावना है। यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में चंदनझिरा पुलिस थाना की टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button