नागपुर: काम का झांसा देकर 50 वर्षीय कामवाली बाईं से बलात्कार, गहने और नकदी लेकर आरोपी फरार

नागपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। काम देने के बहाने 50 वर्षीय महिला घरेलू कामगार के साथ बलात्कार किया गया और उसकी लूटपाट की गई। यह घटना प्रतापनगर पुलिस थाना क्षेत्र में घटी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को महिला घरेलू कामगार घर लौट रही थी। उसी दौरान प्रतापनगर क्षेत्र में एक शख्स ने उसे रोका और कहा कि “घर का काम है, तुम्हें 500 रुपए दूंगा।” महिला राजी हो गई। इसके बाद वह शख्स उसे एक सुनसान इलाके में स्थित खाली अपार्टमेंट में लेकर गया, जहां उसने उसके साथ बलात्कार किया।
यही नहीं, आरोपी महिला के पर्स से 3,500 रुपए नकद और करीब 90 हजार रुपए मूल्य के गहने लेकर फरार हो गया। घटना के कारण महिला घबराई और दो दिन बाद पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
