Breaking NewsMumbai

मराठा आरक्षण आंदोलन: मुंबई पुलिस ने बढ़ाई अनुमति, जरांगे पाटील का संघर्ष कल भी जारी रहेगा

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आजाद मैदान पर चल रहा मनोज जरांगे पाटील का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है। इस आंदोलन की अनुमति गुरुवार को समाप्त हो गई थी, लेकिन नाटकीय घटनाक्रम के बाद मुंबई पुलिस ने एक दिन की और अनुमति देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कुछ सख्त नियम और शर्तें भी लागू की गई हैं।

दिनभर हुए ट्रैफिक जाम और नियम उल्लंघन को देखते हुए आंदोलन को आगे अनुमति मिलेगी या नहीं, इस पर संदेह था। मगर वरिष्ठ अधिकारियों की चर्चा के बाद इसे बढ़ा दिया गया। हालांकि, इस बीच हाईकोर्ट की गाइडलाइन का पालन न करने का आरोप लगाते हुए एडवोकेट गुणरत्न सदावर्ते ने जरांगे पाटील की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इससे आंदोलन को लेकर विवाद और गहरा गया है।

आंदोलक वाशी की ओर रवाना
दिनभर की भारी भीड़ के बाद कई आंदोलनकारी अब वाशी की ओर रवाना हो गए हैं, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके चलते मुंबई में शाम के बाद तनाव कुछ कम हुआ और ईस्टर्न फ्रीवे पर यातायात फिर से सुचारु हो गया।

हालांकि, आंदोलनकारी भले ही कुछ कम हुए हों, लेकिन कल फिर बड़ी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। जरांगे पाटील ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में शुक्रवार को भी आजाद मैदान पर मराठा समाज की भारी मौजूदगी देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button