Breaking NewsDelhiJammu & KashmirPolitics

ऑपरेशन सिंदूर पर देश में खुशी की लहर, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया गर्व

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आम जनता से लेकर राजनीतिक हस्तियों और फिल्मी सितारों तक ने भारतीय सेना की इस कार्रवाई पर गर्व जताया है। विपक्षी दलों के नेता भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और सेना की सराहना कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा – हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए लिखा, “हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जय हिंद!” उन्होंने देश की एकता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज पूरा भारत एकजुट होकर सेना के साथ खड़ा है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सेना के इस ऑपरेशन की सराहना की। उन्होंने कहा, “हमें अपने भारतीय सशस्त्र बलों पर बहुत गर्व है। पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया गया है। हम सेना के साहस और शौर्य की सराहना करते हैं।” खड़गे ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया था कि वह आतंक के खिलाफ हर निर्णायक कार्रवाई में सरकार और सेना के साथ है।

पवन खेड़ा ने दोहराया कांग्रेस का समर्थन
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “हमें अपनी सेना पर गर्व है। जो भी भारत के नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसका यही अंजाम होगा। 22 अप्रैल की रात को ही कांग्रेस ने कहा था कि हम सरकार के साथ हैं। देश एकजुट है।”

नेताओं के बयान सोशल मीडिया पर वायरल
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोशल मीडिया पर नेताओं के बयान तेजी से वायरल हो रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जय हिंद’ का नारा लगाते हुए सेना को सलामी दी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जम्मू-कश्मीर बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर समेत कई नेताओं ने भी भारतीय सेना की वीरता पर गर्व जताया है।

देशभर में आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दलों की यह एकजुटता यह दिखा रही है कि जब बात राष्ट्रीय सुरक्षा की हो, तो पूरा भारत एक स्वर में सेना के साथ खड़ा होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button