जालना: श्रद्धा राजेशसिंह ठाकुर की ‘अखंड भारत’ झांकी ने मंठा नाका क्षेत्र में खींचा नागरिकों का ध्यान

जालना: (प्रतिनिधि–कादरी हुसैन) शहर के मंठा नाका (चौफुली) क्षेत्र स्थित म्हाडा कॉलोनी में रहने वाली कु. श्रद्धा राजेशसिंह ठाकुर ने अपने घर पर एक अनोखी और आकर्षक झांकी तैयार की है। “महालक्ष्मी के समक्ष देव, ऋषि और योद्धाओं की भूमि” इस अनोखी संकल्पना पर आधारित ‘अखंड भारत’ की झांकी ने स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
झांकी में भारतीय परंपरा, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें विशेष रूप से देवताओं की उपासना, ऋषियों का योगदान और योद्धाओं का शौर्य उजागर किया गया है। श्रद्धा ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मकता से इस झांकी को ऐसा स्वरूप दिया है कि दर्शक भारतीय संस्कृति की गहराई और गौरवशाली इतिहास का अनुभव कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी और आगंतुक इस उपक्रम की सराहना कर रहे हैं। युवती की इस पहल ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण निर्माण किया है और समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया है कि आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई है।
यह झांकी न केवल श्रद्धा की कल्पनाशक्ति का प्रतीक है, बल्कि भारतीय संस्कृति की महानता को उजागर करने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास भी है।
