AurangabadBreaking News

औरंगाबाद : जलवाहिनी के गहरे गड्ढे में डूबकर 3 वर्षीय मासूम की मौत

औरंगाबाद शहर में पानीपुरवठा करने के लिए खोदी गई जलवाहिनी के करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर एक तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना बुधवार दोपहर देवळी इलाके की माढा कॉलोनी में हुई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मासूम के माता-पिता का आक्रोश और विलाप देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

मृत बच्चे का नाम ईश्वर संदीप भास्कर (उम्र 3 वर्ष, निवासी देवळी परिसर) बताया गया है। ईश्वर का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसके पिता संदीप भास्कर रोज़गार की तलाश में करीब 12 साल पहले औरंगाबाद आए थे। परिवार में तीन बच्चों में ईश्वर सबसे छोटा था।

बुधवार दोपहर ईश्वर रोज़ की तरह घर के बाहर बच्चों के साथ खेलने गया था। काफी देर तक वापस न आने पर उसकी मां रेखा को चिंता हुई। तलाश करने पर पता चला कि वह अपने साथियों के साथ जलवाहिनी के गड्ढे की ओर गया है।

रेखा जब वहां पहुँचीं तो उनका दिल दहल गया। गड्ढे में पानी पर उनका लाल ईश्वर निर्जीव हालत में तैरता दिखा। मां ने विलाप करते हुए खड्डे में छलांग लगा दी, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बाहर निकाला और संभाला। तत्परता से ईश्वर को भी बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुँचाया गया। मगर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक घटना से ईश्वर के माता-पिता पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में मातम छा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button