Breaking NewsCrime NewsMaharashtra

जलगांव: होटल व्यवसायी पर गोलीबारी मामले में सरपंच सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, राजनैतिक रंजिश की आशंका

 

जलगांव जिले के यावल तहसील में एक होटल व्यवसायी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक ग्राम सरपंच भी शामिल है। यह सनसनीखेज घटना 10 जुलाई की रात चिंचोली गांव के आडगांव फाटे के पास घटी थी, जब होटल बंद कर घर लौट रहे प्रमोद श्रीराम बाविस्कर पर बाइक से आए दो हमलावरों ने फायरिंग कर दी।

प्रमोद बाविस्कर को दो गोलियां लगी थीं – एक सीने में और दूसरी दाहिने कंधे के पास। शुरू में कहा गया कि बीयर न देने पर यह हमला हुआ, लेकिन अब यह खुलासा हो रहा है कि मामला पुराने राजनीतिक विवाद और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हुआ है।

पुलिस जांच के अनुसार, जब प्रमोद बाविस्कर अपनी कार से किनगांव जा रहे थे, तभी दो युवक मोटरसाइकिल से आए। एक युवक ने बीयर की मांग की, लेकिन होटल बंद हो जाने के कारण प्रमोद ने मना कर दिया। इसी गुस्से में हमलावर ने गोली चला दी।

जिला अपराध शाखा के निरीक्षक संदीप पाटील के नेतृत्व में गठित दो टीमों ने चोपड़ा तहसील के पुनगांव से सरपंच किशोर मुरलीधर बाविस्कर (40), अडावद गांव से दर्शन रवींद्र देशमुख (25) और गोपाल संतोष चव्हाण (25), जबकि उमर्टी गांव से विनोद वसंतराव पावरा (22) और सुनील सुभाष पावरा (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस को जांच में पता चला है कि उमर्टी गांव के दो आरोपी किसी के कहने पर फायरिंग करने गए थे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि प्रमोद बाविस्कर का पुनगांव इलाके में राजनीतिक प्रभाव बढ़ रहा था, जिससे सरपंच किशोर बाविस्कर और उनके परिवार के साथ पुरानी दुश्मनी चल रही थी। पुलिस को शक है कि यही राजनैतिक वर्चस्व का टकराव इस हमले की वजह बना।

मामले की जांच अभी भी जारी है और चर्चा है कि इस हमले के पीछे एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा मास्टरमाइंड हो सकता है। फिलहाल, पांचों आरोपियों को अदालत ने 11 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button