शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं: बरेली में सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें शादी समारोह से लौट रहे बैंड की ठेली ले जा रहे तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धनेटा-शीशगढ़ रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ।
दुकान लौट रहे थे बच्चे
शाही क्षेत्र के बकैनिया वीरपुर गांव निवासी हरिओम वर्मा का ‘शिवा बैंड’ नाम से आनंदपुर बस अड्डे पर एक दुकान है। शनिवार रात फिदाईपुर गांव में बरात बजाने के बाद बैंड की ठेली और जनरेटर लेकर करीब आठ-दस किशोर और अन्य लोग लौट रहे थे।
तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर
करीब डेढ़ बजे रात को आनंदपुर गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बैंड की ठेली में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में 16 वर्षीय रोहित कुमार (पुत्र महेंद्र पाल) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हुए।
एक की रास्ते में तो दो की अस्पताल में मौत
घायल 10 वर्षीय मोहित (पुत्र कल्याण) की रास्ते में मौत हो गई, वह कक्षा 4 का छात्र था। वहीं 12 वर्षीय सचिन (पुत्र गंगाराम) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। रोहित कक्षा 7 का छात्र था और अपने ताऊ हरिओम वर्मा के साथ बैंड में मदद करता था। अन्य दो किशोरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
गांव में पसरा मातम
एक ही गांव के तीन किशोरों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। रविवार को तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पूरे गांव में गमगीन माहौल रहा।
पुलिस ने पकड़ी गाड़ी, ड्राइवर फरार
हादसे के बाद भाग रही कार को पुलिस ने दुनका के बिहारीपुर मोड़ पर पकड़ लिया, लेकिन ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, गाड़ी शीशगढ़ थाना क्षेत्र की है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। शाही थाना प्रभारी अमित कुमार बालियान ने बताया कि मृतक रोहित के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
