Breaking NewsJammu & KashmirPoliticsRajasthan

मोदी की 56 इंच की छाती और बड़ी-बड़ी बातें, खरगे बोले- देश पहले, पार्टी बाद में

जयपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह देश की बदकिस्मती है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद दिल्ली में हुई सर्वदलीय बैठक में वह शामिल नहीं हुए। खरगे ने यहां ‘संविधान बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह शर्म की बात है कि देश की सबसे महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री मौजूद नहीं थे, जबकि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि वहां उपस्थित थे।

उन्होंने कहा, “जब देश के स्वाभिमान को धक्का लगा तो प्रधानमंत्री बिहार में चुनावी भाषण दे रहे थे, लेकिन दिल्ली नहीं आ सके। क्या बिहार दिल्ली से दूर है? अगर प्रधानमंत्री उस दिन हमारी बैठक में आते तो हमें पता चलता कि उनकी योजना क्या है और हमें किस तरह की मदद चाहिए।” खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा और प्रधानमंत्री का यह रवैया देश को कमजोर करता है।

देश सबसे ऊपर, पार्टी और धर्म बाद में

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “सबसे ऊपर देश है, उसके बाद पार्टी और धर्म। देश के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ावा दिया है और कहा कि मोदी की ’56 इंच छाती’ अब सिकुड़ गई है।

राजस्थान में कानून व्यवस्था पर टिप्पणी

राजस्थान में कानून व्यवस्था की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए खरगे ने कहा कि राज्य में हालात इतने खराब हो गए हैं कि एक महीने में तीन दलितों की हत्या हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा कांग्रेस की बढ़ती ताकत को दबाने की कोशिश करती है, लेकिन कांग्रेस इस दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है।

रैली को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button