AurangabadBreaking NewsCrime News

शादी के महज छह महीने बाद 21 वर्षीय विवाहिता ने की आत्महत्या, दहेज के 50 हजार रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

वैजापुर : औरंगाबाद जिले के वैजापुर तहसील के गाढेपिंपलगांव में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। शादी के महज छह महीने बाद 21 वर्षीय विवाहिता शुभांगी वाघचौरे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि दहेज के बकाया 50 हजार रुपये मायके से लाने के लिए ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

मृतका की पहचान शुभांगी गौरव वाघचौरे (21) निवासी गाढेपिंपलगांव, तहसील वैजापुर के रूप में हुई है। इस मामले में उनकी मां नीता रवळे निवासी जातेगांव, तहसील नांदगांव, जिला नासिक ने विरगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, शुभांगी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के एक महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की शेष 50 हजार रुपये की रकम मायके से लाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया था। इस मांग को लेकर उसके साथ बार-बार मारपीट की जाती थी, गाली-गलौज की जाती थी और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।

आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर शुभांगी ने नींबू के पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति गौरव संजय वाघचौरे सहित संजय लक्ष्मण वाघचौरे, विमल संजय वाघचौरे, नवनाथ संजय वाघचौरे और शीतल नवनाथ वाघचौरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

फिलहाल विरगांव पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button