AurangabadBreaking NewsCrime News

औरंगाबाद : दो भाइयों पर महिला से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

औरंगाबाद में एक 39 वर्षीय महिला ने दो सगे भाइयों पर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी प्लॉटिंग एजेंट हैं और पहले से उसके परिचित थे। शिकायत के आधार पर जवाहरनगर पुलिस ने बुधवार रात शेख अजीम कासिम पटेल (45) और शेख सलीम कासिम पटेल (48, निवासी बदाम गली, किराडपुरा) को गिरफ्तार किया।

पीड़िता पहले पति से अलग होकर औरंगाबाद के जवाहरनगर क्षेत्र में रहती है। कुछ महीने पहले उसकी पहचान अजीम से न्यायालयीन कामकाज के दौरान हुई थी। मदद के बहाने उसने महिला से नजदीकी बढ़ाई और शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान अजीम ने महिला के निजी पलों का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू किया और पैसों की मांग की। आरोप है कि अजीम के साथ उसके भाई सलीम ने भी महिला के साथ अनैतिक संबंध बनाकर उसे प्रताड़ित किया।

शिकायत में यह भी दर्ज है कि 26 जून और 10 अगस्त को दोनों भाइयों ने महिला पर जबरदस्ती अत्याचार किया, जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक गालियां भी दीं। परेशान होकर महिला ने जवाहरनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दोनों भाइयों पर बलात्कार, धमकी और अत्याचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।

गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। सहायक लोक अभियोजक के. एन. पवार ने अदालत को बताया कि आरोपियों ने न केवल दुष्कर्म किया बल्कि महिला को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर भी किया। अभियोजन पक्ष ने यह दलील दी कि आरोपियों की मेडिकल जांच, घटनास्थल की छानबीन और यह पता लगाना आवश्यक है कि इस अपराध में और कौन शामिल था। इसलिए पुलिस ने आरोपियों को कस्टडी में देने की मांग की।

विशेष न्यायाधीश यू. आर. उबाळे ने दोनों आरोपियों को 22 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त मनीष कल्याणकर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button