औरंगाबाद में सनसनी: प्लॉटिंग कारोबारी को निशाना बनाकर चली गोलियां, तीन हमलावरों पर केस दर्ज

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद में 22 सितंबर की आधी रात को प्लॉटिंग व्यवसायी पर जानलेवा हमला हुआ। घटना एपीआई कॉर्नर से कलाग्राम मार्ग पर घटी, जहां तीन हमलावरों ने व्यवसायी तौफिक शफिक पठान (30, निवासी कमलापुर, वाळूज MIDC) पर गोलीबारी की। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए। इस मामले में एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, तौफिक शफिक पठान प्लॉटिंग का व्यवसाय करते हैं। 22 सितंबर की रात वे अपने मित्र निसार जब्बार खान (निवासी मिसारवाड़ी) के साथ चिकलठाणा के एक होटल में भोजन के लिए गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार (MH 20 FC 7000) के सामने नशे में धुत गणेश औताडे लघुशंका कर रहा था, जिससे विवाद हो गया। हालांकि, उसके साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत किया।
बाद में तौफिक और निसार अपनी-अपनी कारों में कमलापुर की ओर लौट रहे थे। निसार की कार आगे और तौफिक की कार पीछे थी। रत्नप्रभा मोटर्स के पास निसार ने कार रोकी। तौफिक भी अपनी कार में बैठे उनसे बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक एपीआई कॉर्नर की ओर से स्कूटी पर तीन युवक पहुंचे।
स्कूटी पर पीछे बैठा युवक तौफिक की कार के पास आया। उसी वक्त निसार ने खतरे को भांपते हुए जोर से कहा, “गाड़ी निकाल”, और अपनी कार छोड़कर तौफिक की कार में बैठकर निकलने की कोशिश की। तभी हमलावरों में से एक ने गोली चला दी। गोली तौफिक के कान के पास से गुजरकर कार की कांच पर लगी। हमलावरों ने निसार की कार की खिड़कियां भी तोड़ डालीं।
घटना के बाद दोनों सीधे पुलिस थाने पहुंचे। लेकिन क्षेत्राधिकार के चलते उन्हें एमआईडीसी सिडको थाने जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शिवाजी बुधवंत के निर्देश पर मामला एमआईडीसी सिडको थाने में दर्ज हुआ। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच सहायक पुलिस निरीक्षक भरत पाचोळे द्वारा की जा रही है।
