जालना में कृषिमंत्री भरणे ने बाढ़ और फसल क्षति का लिया जायज़ा, राहत सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कृषिमंत्री ने कहा–"कोई भी किसान मदद से वंचित नहीं रहेगा, चिंता मत करो – सरकार आपके साथ है”

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले में अतिवृष्टि के कारण कपास, सोयाबीन और अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भर जाने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। इसी स्थिति का जायज़ा लेने सोमवार को महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और किसानों से सीधे संवाद किया।
भरणे ने सोमठाणा (ता. बदनापुर) और ढाकलगांव (ता. अंबड) के शिवार में जाकर किसानों की समस्याएँ सुनीं। उन्होंने कहा—
“कोई भी किसान सरकारी मदद से वंचित नहीं रहेगा। आप चिंता मत करो, सरकार आपके साथ मजबूती से खड़ी है।”

कृषि मंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल पंचनामे कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट मिलते ही प्रभावित किसानों को त्वरित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अतिवृष्टि से न सिर्फ फसलें नष्ट हुई हैं, बल्कि पशुधन और मकानों को भी भारी नुकसान पहुँचा है। ऐसी स्थिति में प्रशासन को तत्परता से काम करना होगा ताकि हर किसान तक राहत पहुँच सके।

भरणे ने भरोसा दिलाया कि राज्य की नीति हमेशा किसानों को सहारा देने की रही है और इस संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है।
इस मौके पर विधायक नारायण कुचे, महसूल, कृषि, पशुसंवर्धन, कृषि विश्वविद्यालय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बड़ी संख्या में किसान भी इस दौरे में शामिल होकर अपनी समस्याएँ सीधे कृषि मंत्री तक पहुँचा सके।
