Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना ज़िले में राजस्व पथक की धड़क कार्रवाई : अवैध रेत परिवहन पर गाज, कई वाहन ज़ब्त

जालना/कादरी हुसैन

जालना ज़िले में अवैध रेत उत्खनन और बिना अनुमति परिवहन पर सख़्ती से रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी आशिमा मित्तल के आदेश पर विशेष ज़िलास्तरीय राजस्व पथक सक्रिय हो गया है। इसी के तहत पथक ने बीते दिन भोकरदन और जाफ़राबाद तहसील में बड़ी कार्रवाई कर कई वाहन ज़ब्त किए।

भोकरदन तहसील के जालना–राजूर रोड पर कार्रवाई करते हुए राजस्व पथक ने दो हायवा वाहन पकड़े। इनमें से एक वाहन राजुर गणपति निवासी अनिल रमेश जाधव का था, जिसे चालक आनंद रावसाहेब खिल्लारे बिना अनुमति रेत से भरा हुआ ले जा रहा था। पथक ने लगभग दो ब्रास रेत सहित वाहन ज़ब्त किया। दूसरी कार्रवाई में देऊलगांव निवासी दिनकर बाजीराव जुंबड के स्वामित्व वाला हायवा वाहन पकड़ा गया, जिसमें चालक गणेश सुदाम नाबदे लगभग पाँच ब्रास अवैध रेत का परिवहन कर रहा था। अनुमति पत्र न होने पर यह वाहन भी ज़ब्त कर लिया गया।

इसी तरह जाफ़राबाद तहसील में टेंभुर्णी–राजूर रोड पर तहसील कार्यालय के राजस्व पथक ने दो ट्रैक्टर पकड़े। पहला ट्रैक्टर खापरखेडा निवासी विष्णु गणेश म्हस्के का था, जिसे चालक संदीप काशीनाथ इंगळे अवैध रेत से भरा हुआ लेकर जा रहा था। दूसरा ट्रैक्टर संदीप बाबूराव गोफणे का था, जिसे चालक संदीप लिंबाजी रोकडे चला रहा था। दोनों ही वाहन बिना क्रमांक के पाए गए और ज़ब्त कर टेंभुर्णी पुलिस थाने में जमा कराए गए।

कार्रवाई में नायब तहसीलदार चव्हाण, ग्रामराजस्व अधिकारी बी. जी. ब्राम्हणे, अमोल मुरकुटे, एन. एच. पठान, माधव साळवे और राजू खांडेभराड शामिल रहे।

जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने स्पष्ट किया कि ज़िले में अवैध रेत उत्खनन और रेत परिवहन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button