समृद्धि महामार्ग पर सुरक्षा जाली व लोहे के एंगल चोरी करने वाली गिरोह चंदनझिरा पुलिस के कब्जे में 03 आरोपियों से ₹5 लाख 53 हजार का माल जब्त

जालना/कादरी हुसैन
समृद्धि महामार्ग पर पशुओं के प्रवेश से होने वाले हादसों और जान–माल की क्षति को रोकने के लिए लगाए गए लोहे के एंगल व सुरक्षा जाली चोरी कर, उन्हें जालना शहर के नागेवाड़ी टोल नाके के पास बेचने ले जा रहे आरोपियों को चंदनझिरा पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। इस कार्रवाई में चोरी का माल और परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल ₹5,53,000 का मुद्देमाल जब्त किया गया है। चोरी का माल खरीदने वाले भंगार दुकान के दुकानदार को भी हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28/02/2026 की रात करीब 12:30 बजे, चंदनझिरा पुलिस थाने की गश्ती टीम नागेवाड़ी टोल नाका परिसर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन पुलिस को देखकर औरंगाबाद की ओर भागता दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा किया तो वाहन चालक ने सड़क किनारे वाहन खड़ा कर दिया और वाहन में सवार तीन व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इकरार खान मुक्तार खान और विलास भाऊलाल चुंडियाल (निवासी: दुसरबीड, तहसील सिंदखेड राजा, जिला बुलढाणा) को पकड़ लिया। वहीं वाहन मालक/चालक देवानंद शंकर डोईफोडे (निवासी: केशव शिवणी, तहसील सिंदखेड राजा, जिला बुलढाणा) अंधेरे में फरार हो गया।
पिकअप वाहन क्रमांक MH-20-GC-0415 की तलाशी में लगभग एक टन वजन के लोहे के एंगल व जाली, तथा लोहे की वस्तुएं काटने के लिए उपयोग किए जाने वाले तीन कैंची कटर बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी माल के स्वामित्व संबंधी संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए और टालमटोल करते रहे, जिससे माल चोरी का होने की पुष्टि हुई। इस पर चंदनझिरा पुलिस थाने में पोहेकां कृष्णा तंगे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह माल सिंदखेड राजा से किंगाव राजा के बीच समृद्धि महामार्ग से चोरी किया गया था। उन्होंने यह भी कबूला कि इससे पहले भी इसी तरह की चोरी कर माल बेचा जा चुका है। इस संबंध में समृद्धि महामार्ग प्रशासन को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है तथा जांच पोउपनि मारियो स्कॉट द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में चंदनझिरा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक बालासाहेब पवार, पोउपनि मारियो स्कॉट, पोहेकां कृष्णा तंगे, चालक एएसआई सुभाष नागरे और पोहेकां शिवानंद जायभाये की टीम ने अंजाम दी।
