भोकरदन में मूसलधार बारिश से मची तबाही, ईदगाह और कब्रिस्तान की दीवारें गिरीं

भोकरदन/करीम लाला
भोकरदन शहर में शनिवार रात हुई मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आलापुर और उस्मान पेठ क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए, जहाँ बारिश के तेज़ बहाव से कब्रिस्तान की दीवार धराशायी हो गई, जबकि ईदगाह की विशाल दीवार भी गिर गई। इस हादसे से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल फैल गया है।
बारिश थमने के बाद उपनगराध्यक्ष इरफान सिद्दीकी और नगरसेवक एजाज़ पठाण ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत प्रशासन को सुरक्षा और मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, नागरिकों ने भी कहा कि इस तरह की अचानक बारिश से उनकी जान-माल पर गंभीर खतरा मंडराता है, इसलिए प्रशासन को पहले से ठोस व्यवस्था करनी चाहिए।

नगरपालिका ने आश्वासन दिया है कि ईदगाह और कब्रिस्तान की दीवारों की मरम्मत का काम तत्काल किया जाएगा और इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो बारिश के प्रभाव और संभावित खतरों पर नज़र रखेगी।
इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि भारी बारिश से न केवल सामान्य जीवन प्रभावित होता है, बल्कि शहर के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। प्रशासन और नागरिकों को मिलकर आगे की तैयारियों को मज़बूत करने की ज़रूरत है।
