मुर्शीदाबाद हिंसा पर बोलीं ममता बनर्जी, ‘दंगे मत भड़काओ, वक्फ कानून हमारा नहीं’

पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद में शुक्रवार को वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसा में बदल गया। उपद्रवियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया और पुलिस वैन व सार्वजनिक बसों को आग के हवाले कर दिया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि धर्म के नाम पर किसी भी अधार्मिक व्यवहार में शामिल न हों, हर इंसान की जान कीमती है। ममता ने कहा कि वक्फ कानून केंद्र सरकार का है, राज्य सरकार ने इसे नहीं बनाया और न ही इसे लागू किया जाएगा।
ममता बनर्जी ने दंगा भड़काने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और कहा कि कुछ राजनीतिक दल धर्म का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से शांति, संयम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
इस घटना को लेकर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल में आर्टिकल 355 लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल हो चुकी है, ऐसे में शांति बहाल करने के लिए सेना और सुरक्षाबलों की तैनाती जरूरी है।
