बीड में हैवान पिता का खौफनाक कृत्य — चार महीने के मासूम को पानी के ड्रम में डुबोकर मार डाला, फिर खुद फांसी लगाई

बीड/प्रतिनिधि
बीड जिले के गेवराई तालुका के रामनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक युवक ने अपने चार महीने के मासूम बेटे को क्रूर तरीके से मौत के घाट उतार दिया और उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक युवक का नाम अमोल हौसराव सोनवणे बताया गया है, जो अपनी पत्नी पायल और चार महीने के बच्चे के साथ रामनगर में रहता था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के अमोल ने अपने बेटे को मां की गोद से उठाकर पानी से भरे ड्रम में डुबो दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की पृष्ठभूमि
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात अमोल और पायल दोनों ने साथ में भोजन कर सो गए थे। रात लगभग तीन बजे पायल ने अपने बच्चे को दूध पिलाकर सुला दिया। कुछ देर बाद अमोल की आंख खुली, और उसने बच्चे को मां की गोद से उठाकर पानी के ड्रम में डुबो दिया। इसके बाद उसने खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दिल दहला देने वाली घटना शुक्रवार तड़के घटित हुई।
चार दिन पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास
बताया जा रहा है कि अमोल ट्रक चालक था और उसे शराब की लत थी। इसी कारण उसका पत्नी से अक्सर झगड़ा होता रहता था। चार दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था और गुस्से में दोनों ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इलाज के बाद दसरे दिन यानी गुरुवार दोपहर को दोनों को अस्पताल से छुट्टी मिली थी। लेकिन उसके अगले ही दिन अमोल ने यह भयावह कदम उठा लिया।
दूसरी शादी और पारिवारिक कलह
जानकारी के अनुसार, अमोल की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी कुछ साल पहले हुई थी, लेकिन झगड़ों के कारण उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। लगभग डेढ़ साल पहले अमोल ने आष्टी तालुका की रहने वाली पायल से दूसरा विवाह किया था। पायल गरीब परिवार से थी और उसकी मां का निधन हो चुका है। करीब चार महीने पहले इस दंपति को एक पुत्र हुआ था, जिसका नामकरण अभी नहीं हुआ था।
बताया जा रहा है कि अमोल पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी शक के चलते दोनों के बीच लगातार विवाद होता था। इसी मानसिक तनाव में उसने यह अमानवीय कदम उठाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
