राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाले भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग — युवक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

लोणार/फिरदोस खान पठान
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की युवक कांग्रेस इकाई ने लोणार पुलिस थाने के माध्यम से बुलढाणा जिला पुलिस अधीक्षक और राज्य के गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में केरल भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेवन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेवन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर अत्यंत भड़काऊ और निंदनीय बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को “छाती में गोली मारने” की धमकी दी, जिसे कांग्रेस ने लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ बताया है।
युवक कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि — “राहुल गांधी देश के करोड़ों गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की धमकी देना लोकतंत्र को कलंकित करने जैसा है। यह विचारों की लड़ाई को हिंसा में बदलने की कोशिश है और पूरे लोकतांत्रिक तंत्र के खिलाफ षड्यंत्र है।”
इस अवसर पर बुलढाणा जिला युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिकेत मापारी के मार्गदर्शन में शहराध्यक्ष विकास मोरे ने ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश मापारी, ओबीसी सेल जिलाध्यक्ष प्रो. गजानन खरात, लोणार शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेख समद शेख अहमद, नगरसेवक शंकर हेंद्रे, शहर उपाध्यक्ष गजानन मापारी, शेख सज्जाद शेख करामत, एजाज खान, सोशल मीडिया शहराध्यक्ष मोशीन शहा, रहमान नवरंगबादी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
