बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा, राज्य में लागू हुई आचार संहिता — दो चरणों में होगा मतदान

नई दिल्ली/पटना/प्रतिनिधि
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा सोमवार को केंद्रीय चुनाव आयोग ने की। इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। राजनीतिक दलों ने छठ पर्व के बाद एक ही चरण में पूरे राज्य में चुनाव कराने की मांग की थी, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में हिस्सा ले सकें।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि बिहार में मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर 2025 को की जाएगी।
चुनाव से जुड़ी प्रमुख जानकारी :
- विधानसभा की कुल सीटें : 243
(203 सामान्य, 38 अनुसूचित जाति, 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित) - विधानसभा का कार्यकाल : 22 नवंबर 2025 को समाप्त
- कुल मतदाता : 7.42 करोड़
- पुरुष : 3.92 करोड़
- महिला : 3.50 करोड़
- नए मतदाता : 14.1 लाख (पहली बार मतदान करने वाले)
चुनाव कार्यक्रम :
पहला चरण – 6 नवंबर 2025
दूसरा चरण – 11 नवंबर 2025
मतगणना – 14 नवंबर 2025
चुनाव से पहले ‘वोट वाइब’ नामक संस्था द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
सर्वे में सामने आई सत्ताविरोधी लहर
सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ राज्य में मजबूत सत्ताविरोधी लहर है।
- 48% लोगों ने कहा कि राज्य में एंटी-इनकंबेंसी (सत्ताविरोधी) लहर है।
- 27.1% लोगों ने सरकार का समर्थन किया।
- 20.6% लोग तटस्थ रहे।
- 4.3% ने ‘मालूम नहीं’ कहा।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रुझान
शहरी क्षेत्र में 48% लोगों ने सरकार विरोधी रुख अपनाया, जबकि 31% ने समर्थन किया। ग्रामीण इलाकों में भी 48% ने सरकार के खिलाफ राय दी और 25% ने समर्थन किया।
महिलाओं और पुरुषों में भी लगभग समान भावनाएं देखने को मिलीं — 48% पुरुष और 48% महिलाएं सरकार के खिलाफ थीं।
क्या नीतीश फैक्टर कमजोर पड़ रहा है?
सर्वे राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के बाद किया गया था, लेकिन इसका सीधा लाभ राजद या कांग्रेस को होता दिख नहीं रहा। हालांकि सर्वे से यह स्पष्ट है कि राज्य में सत्ताविरोधी माहौल है।
2020 के विधानसभा चुनाव की झलक :
2020 के चुनाव कोरोना काल में तीन चरणों में हुए थे —
- पहला चरण : 28 अक्टूबर
- दूसरा चरण : 3 नवंबर
- तीसरा चरण : 7 नवंबर
मतगणना 10 नवंबर 2020 को हुई थी।
2020 के नतीजे :
एनडीए ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि महागठबंधन को 110 सीटें मिलीं।
- एनडीए में : भाजपा – 74, जद(यू) – 43, वीआईपी – 4, एचएएम – 4
- महागठबंधन में : राजद – 75, कांग्रेस – 19, भाकपा (माले) – 12, AIMIM व अन्य – 5
दोनों गठबंधनों के बीच सिर्फ 12 हजार वोटों का अंतर रहा था —
- एनडीए : 37.26% वोट
- महागठबंधन : 37.23% वोट
नई समीकरण और तीसरा मोर्चा
आगामी चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच रहेगा। वहीं, इस बार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी मैदान में उतर रही है, जो बिहार की राजनीति में नया समीकरण पैदा कर सकती है।
