चोपड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत — दिवाली से पहले परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

जलगांव/प्रतिनिधि
जिले में हाल के दिनों में सड़क हादसों की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। हर दिन किसी न किसी स्थान पर हो रहे इन हादसों में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ऐसी ही एक दर्दनाक घटना चोपड़ा तालुका में घटित हुई, जहां दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, चोपड़ा शहर में दिनभर का काम निपटाकर मामलदे गांव की ओर जा रहे दो युवक जब अपनी दुचाकी से लौट रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भयानक दुर्घटना में अमोल ज्ञानेश्वर पाटिल (25 वर्ष) और पृथ्वीराज चंद्रकांत पाटिल (23 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह हादसा 16 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे चोपड़ा-मामलदे फाटा के बीच हुआ।
हादसे की खबर मिलते ही मामलदे, चुंचाळे और चोपड़ा के नागरिक बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में उस समय बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और परिजन मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि दिवाली की तैयारियों के चलते दोनों युवक चोपड़ा शहर में खरीदारी के लिए आए थे। सारा दिन खरीदारी और अन्य काम निपटाकर वे शाम को घर लौट रहे थे। परिवार के लोग उनकी राह देख रहे थे, लेकिन अचानक घटी इस दुर्घटना ने उनके घरों में मातम छा दिया। ऐन दिवाली से पहले दोनों परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने देर रात तक इस हादसे को लेकर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रखी थी।
