अब घर बैठे मिलेगी हर सरकारी सेवा — जालना जिला प्रशासन ने शुरू किया “जालना मित्र पोर्टल” और WhatsApp चैटबॉट सेवा

जालना/कादरी हुसैन
महाराष्ट्र में ई-गवर्नेंस की दिशा में जालना जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी आशिमा मित्तल की संकल्पना से तैयार “जालना मित्र पोर्टल” का शुभारंभ 17 सितंबर 2025 को मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के अवसर पर पालकमंत्री पंकजा मुंडे के हाथों किया गया था। अब इसी पोर्टल को और भी सुलभ बनाने के लिए प्रशासन ने WhatsApp चैटबॉट सेवा भी शुरू की है।
इस सेवा का उद्देश्य नागरिकों को शासन की सभी प्रमुख सेवाएं और योजनाओं की जानकारी घर बैठे, एक क्लिक में उपलब्ध कराना है। बढ़ते डिजिटल युग और सोशल मीडिया के व्यापक उपयोग को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह पहल शुरू की है, जिससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नागरिक इस सेवा का लाभ 7387938774 नंबर सेव कर व्हाट्सएप चैट के माध्यम से उठा सकते हैं। चैट में दो मुख्य विकल्प मिलेंगे —
1️⃣ जालना मित्र
2️⃣ प्रशासकीय योजना (शासन निर्णय)
🔹 ‘जालना मित्र’ विकल्प में उपलब्ध विभाग:
महसूल, अन्न सुरक्षा, आयकर, आरोग्य, पासपोर्ट, पोलीस/गृह, अभिलेख, महाराष्ट्र राज्य विद्युत महामंडल, शासन मुद्रण लेखन सामग्री व प्रकाशन संचालनालय (गैजेट विभाग) सहित कई अन्य।
सेवाओं में शामिल हैं:
- महसूल विभाग: जात, आय, निवास, डोमिसाइल, किसान प्रमाणपत्र, सीनियर सिटिजन प्रमाणपत्र आदि।
- अन्न सुरक्षा विभाग: खाद्य लाइसेंस हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी।
- आयकर विभाग: नया या सुधार हेतु पैन कार्ड, आधार अपडेट।
- आरोग्य विभाग: आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड।
- पोलीस विभाग: चरित्र प्रमाणपत्र हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी।
- अभिलेख विभाग: भूमि माप (शेत मोजणी) आवेदन के लिए फॉर्म और दस्तावेज सूची।
- विद्युत मंडल: नया कनेक्शन या नाम परिवर्तन की प्रक्रिया।
- गैजेट विभाग: राजपत्र प्रकाशन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज।
इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग और सूक्ष्म, लघु उद्योग विभाग की सेवाएं भी इस पोर्टल पर जोड़ी गई हैं, जिनमें प्रत्येक सेवा के लिए सीधे लिंक प्रदान किए गए हैं।
🔸 ‘प्रशासकीय योजना’ या ‘शासन निर्णय’ विकल्प:
इस सेक्शन के माध्यम से नागरिक महाराष्ट्र शासन की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम शासन निर्णय (GRs) सीधे चैटबॉट से देख सकेंगे।
🏛️ प्रशासन की सोच:
जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने बताया —
“यह उपक्रम नागरिक सेवा का नया मानक स्थापित करेगा। अब शासन जनता के दरवाज़े तक पहुंच रहा है। पारदर्शकता, समय की बचत और विश्वसनीयता — यही इस पहल के तीन मुख्य स्तंभ हैं।”
जालना मित्र पोर्टल और चैटबॉट सेवा के माध्यम से जिला प्रशासन ने डिजिटल शासन की दिशा में एक मिसाल पेश की है, जो आने वाले समय में राज्य के अन्य जिलों के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकती है।
