जालना मनपा मुर्गी तलाव स्कूल में विद्यार्थी दिवस और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न

जालना/कादरी हुसैन
जालना के मुर्गी तलाव स्थित महानगरपालिका स्कूल में डॉ. भीमराव आंबेडकर के 7 नवंबर स्कूल प्रवेश दिवस को “विद्यार्थी दिवस” के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। साथ ही, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थापना दिवस भी बड़े उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर की, जिसके बाद विद्यालय परिसर में संविधान, शिक्षा और सेवा भावना का संदेश गूंज उठा।
शिक्षिका ज्योति वाघ ने अपने प्रेरक वक्तव्य में डॉ. आंबेडकर के शिक्षा-प्रवास, संघर्ष और ज्ञान के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। वहीं, शिक्षिका रेखा गायकवाड़ ने राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, सावधानियों और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्याध्यापिका अख्तर जहाँ कुरैशी ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थापना दिवस के ऐतिहासिक महत्व और उसके उद्देश्यों पर मार्गदर्शन करते हुए विद्यार्थियों को टीम भावना, अनुशासन और सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को विद्यार्थियों के लिए जीवन का आदर्श बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने डॉ. आंबेडकर के जीवन, विचारों और समाजसेवा पर आधारित कविताएँ, गीत और प्रेरक प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण प्रेरणादायी बन गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ समिति की अध्यक्षा रमीजा शेख, अ. वहिद जावेद, शिरीन समीना, रईसा बेग, स्काउट्स, गाइड्स, शिक्षकगण और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
