भवानीनगर हत्या प्रकरण – 11 दिनों से फरार प्रमुख महिला आरोपी आशाबाई बोडखे को कदीम जालना पुलिस ने वाघुळ गांव से दबोचा

जालना/कादरी हुसैन
भवानीनगर, जुना जालना में सागर भगवान आगलावे की हत्या के प्रकरण में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य फरार महिला आरोपी आशाबाई गजानन बोडखे (उम्र 43 वर्ष) को वाघुळ गांव से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से आरोपी महिला लगातार गांव-गांव चेहरा ढककर अपनी पहचान छिपाते हुए घूम रही थी, लेकिन कदीम जालना पुलिस की सतर्कता से वह पुलिस के जाल से बच न सकी।
15 नवंबर 2025 को वाहन जलाने से शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें सागर आगलावे पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया गया था। शिकायत सागर की दादी रुखमनबाई आगलावे द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर 21 नवंबर 2025 को अपराध क्रमांक 489/2025, धारा 103(1), 109, 115(2), 352 भादंवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, 22 नवंबर 2025 को उपचार के दौरान सागर की मृत्यु हो जाने से मामला हत्या में बदल गया और सभी आरोपी फरार हो गए थे।
मुख्य आरोपी महिला की तलाश में पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए थी। 26 नवंबर 2025 को सहायक पुलिस निरीक्षक आरती जाधव को गुप्त स्रोतों से पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी आशाबाई बोडखे वाघुळ गांव में छिपी है। टीम ने तत्काल वाघुळ में दबिश दी और रणनीतिक तरीके से आरोपी को पकड़ लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व और मार्गदर्शन
– पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल
– अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी
– उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुलकर्णी
कार्रवाई में शामिल अधिकारी/कर्मचारी
– पुलिस निरीक्षक जनार्धन शेवाळे
– सहायक पुलिस निरीक्षक आरती जाधव
– पोहेकॉ अंभोरे
– पोना बाबा गायकवाड
– पुलिस अमलदार विलास राऊत
कदीम जालना पुलिस की इस त्वरित, रणनीतिक और सटीक कार्रवाई से हत्या प्रकरण के महत्वपूर्ण आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है।
