सोशल मीडिया पर पत्रकारों को गाली-गलौज व धमकी देने का गंभीर मामला — पत्रकार संगठनों ने SP कार्यालय में सौंपा ज्ञापन, तत्काल कार्रवाई की मांग

जालना/कादरी हुसैन
दिनांक 5 दिसंबर 2025 की शाम 6 बजे जालना जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर दिए गए अपमानजनक बयान और धमकियों के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दो दिन पहले पत्रकारों द्वारा धनगर समाज के स्वयंभू नेता बताए जा रहे दीपक बोऱ्हाडे से संबंधित एक समाचार प्रसारित किया गया था। इस समाचार में कृष्णा गायके नामक युवक ने मीडिया को बोऱ्हाडे के खिलाफ कई गंभीर आरोपों के साथ प्रतिक्रिया दी थी। समाचार प्रसारित होने के बाद बोऱ्हाडे ने बदले की भावना से सोशल मीडिया पर पत्रकारों के प्रति गाली-गलौज व धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया तथा फेसबुक पर पत्रकारों के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
पत्रकारों ने मांग की कि दीपक बोऱ्हाडे और उसके सोशल मीडिया पेज संचालित करने वाले समर्थकों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाए। साथ ही, पत्रकार संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी पर कठोर दंडात्मक प्रावधान लागू किए जाएँ। ज्ञापन जालना पुलिस अधीक्षक, साइबर पुलिस और कदीम जालना पुलिस स्टेशन को संयुक्त रूप से सौंपा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक जांच तुरंत शुरू की जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन जालना जिला अध्यक्ष आमेर खान, प्रेस काउंसिल ऑफ महाराष्ट्र जालना जिलाध्यक्ष दीपक शेलके, महाराष्ट्र राज्य मराठी पत्रकार संघ जालना जिलाध्यक्ष अच्युत मोरे, जावेद खान, योगेश काकफळे, सुनील भारती, सचिन सर्वे, सुहास वैद्य, संतोष भुतेकर, शेख सलीम, विजय साळी, बासीत बेग, राहुल मुळे, गौरव साळी, नाज़िम मणियार, तरंग कांबळे, सोनाजी जोगदंडे, आकाश माने, देवचंद सावरे सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।
