Breaking NewsJalna

12 वर्षीय लापता बच्ची को कदीम जालना पुलिस ने सिर्फ 10 घंटे में सुरक्षित बरामद किया

जालना/कादरी हुसैन

कदीम जालना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ दिखाते हुए 12 वर्षीय लापता बच्ची को मात्र 10 घंटे में सुरक्षित खोज निकालने में सफलता हासिल की है। यह मामला 09 दिसंबर 2025 को उस समय दर्ज हुआ जब फिर्यादी समीर कदीर पठाण (निवासी सुंदरनगर, चंदनझीरा, जालना) ने अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई।

परिजनों के अनुसार, बच्ची 08 दिसंबर को दोपहर 12.30 बजे गुलाम नबी गुलाम रसूल प्राथमिक विद्यालय, अफगान मोहल्ला में पढ़ने गई थी। स्कूल से घर लौटते समय एक अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच दल गठित किया। दल ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर उनका गहन विश्लेषण किया। इसी बीच पुलिस को यह महत्वपूर्ण सूचना मिली कि बच्ची जालना रेलवे स्टेशन के आसपास दिखाई दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान तेज किया।

लगातार प्रयास और जांच के बाद पुलिस ने बच्ची को रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में उसका चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को जालना पुलिस अधीक्षक मा. श्री अजय कुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक मा. श्री आयुष नोपानी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी मा. श्री अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।

कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल रहे —
पुलिस निरीक्षक जे. बी. शेवाळे
पोहेकॉ सदा राठोड़
पोकों मतीन शेख
संदीप चव्हाण
सदाशिव मुटकुळे
मपोकों कल्याणी भागवत
(सभी कदीम जालना पुलिस स्टेशन)

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वित खोज अभियान के चलते बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका, जिसके लिए स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button