जालना जिला पुलिस को मिली बड़ी तकनीकी मजबूती – तीन अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन हुई तैनात

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले में बढ़ते गंभीर अपराधों की जांच को और अधिक सटीक, तेज़ और वैज्ञानिक बनाने के लिए महाराष्ट्र शासन ने जालना जिला पुलिस दल को तीन अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई हैं। जिले के कुल 19 पुलिस थानों में हत्या, प्रयास-हत्या, डकैती, बलात्कार, पॉक्सो, मादक पदार्थ, चोरी, घरफोड़ और आत्महत्या जैसे कई महत्वपूर्ण अपराधों की जांच में अब पुलिस को मजबूत तकनीकी सहायता मिलने जा रही है।
अब तक घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाने में पुलिस को सीमित साधनों के कारण कई बार चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन नई मोबाइल फॉरेंसिक वैन के आने से भौतिक, रासायनिक, जैविक और डिजिटल साक्ष्य घटनास्थल पर ही तुरंत एकत्र किए जा सकेंगे, जिससे अपराधियों तक पहुंचना और उन्हें न्यायालय में दोषी सिद्ध करना और अधिक आसान होगा।
इन मोबाइल वैन में अत्याधुनिक किट, रसायन, उच्च क्षमता के फॉरेंसिक उपकरण, डिजिटल विश्लेषण सिस्टम तथा वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक सभी साधन उपलब्ध हैं। यह वैन जिले में 24×7 उपविभागीय अधिकारी कार्यालय में तैनात रहेंगी और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संग्रह का काम संभालेंगी।
जालना, भोकरदन और परतूर उपविभागों को एक-एक मोबाइल फॉरेंसिक वैन सौंपी गई है। सभी वैन की निगरानी संबंधित उपविभागीय पुलिस अधिकारी द्वारा की जाएगी और संचालन उनके नियंत्रण क्षेत्र के अनुसार किया जाएगा।
इन वैन के इस्तेमाल से जांच प्रक्रिया तेज़, पारदर्शी और वैज्ञानिक होगी, जिससे अपराधियों पर लगाम लगाने और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
