जालना महानगरपालिका की सख्त चेतावनी: अनधिकृत नलधारकों को 20 दिसंबर तक नियमितीकरण का अंतिम मौका

जालना/कादरी हुसैन
जालना महानगरपालिका द्वारा शुरू किए गए अनधिकृत नल खोज अभियान को शहरवासियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक 441 नागरिकों ने अपने अवैध नल कनेक्शन नियमित कराकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया है।
महानगरपालिका ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष सवलत योजना लागू की है, जिसके तहत अनधिकृत नल कनेक्शन का नियमितीकरण अब ₹10,000 के बजाय ₹7,500 में किया जा सकता है। यह योजना 20 दिसंबर 2025 तक ही उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा, नल संबंधी नोटिस मामलों के तडजोड़ निपटारे के लिए 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) को जिला न्यायालय परिसर, जालना में लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिक अपने प्रकरणों का मौके पर समाधान करवा सकेंगे।
जालना महानगरपालिका आयुक्त मा. आशिमा मित्तल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाकर अपने अनधिकृत नल कनेक्शन नियमित कराएं और भविष्य की कानूनी कार्रवाई से बचें।
महानगरपालिका ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद जिन नलधारकों ने शुल्क जमा नहीं किया, उनकी मालमत्ता पर ₹10,000 का बकाया चढ़ाया जाएगा, नल कनेक्शन काट दिया जाएगा और आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
