भोकरदन नाका मारपीट कांड में बड़ी कार्रवाई: संभाजीनगर क्षेत्र के पाँच आरोपी हिरासत में, शहर की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

जालना/कादरी हुसैन
बुधवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे भोकरदन नाका परिसर में दो युवकों पर लाठी–डंडों से किये गए हमले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। घटनास्थल पर अचानक पहुँची एक टोली ने दोनों युवकों को बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और वारदात के तुरंत बाद फरार हो गई।
घायल युवकों को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर बाजार पुलिस ने तुरंत अलग-अलग पथक तैयार कर आरोपियों की खोजबीन शुरू की।
गुरुवार, 11 तारीख की दोपहर तक पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और देर रात तक चली कार्रवाई में पाँच लोगों को हिरासत में ले लिया गया—जिनमें चार आरोपी तथा एक विधि संघर्ष बालक शामिल है। सभी आरोपी जालना के संभाजीनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
मारपीट मामले में सदर बाजार पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया है। शहर के मुख्य प्रवेश बिंदु पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर जालना की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ने लगी है।
