हजारों करोड़ की धोखाधड़ी मामले में आरोपी शेख मुश्ताक शेख अमीर की विधिवत जांच के निर्देश

जालना/कादरी हुसैन
हजारों करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े गंभीर मामले में जिला कलेक्टर कार्यालय, जालना ने आरोपी शेख मुश्ताक शेख अमीर की विधिवत और तथ्यात्मक जांच के निर्देश संबंधित विभागों को जारी किए हैं।
इस संबंध में जिला कलेक्टर कार्यालय, जालना की ओर से एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। यह पत्र जालना निवासी श्री विजय शंकरसिंह हजारी द्वारा दिनांक 10 नवंबर 2025 को प्रस्तुत किए गए आवेदन के संदर्भ में भेजा गया है।
अपने आवेदन में श्री विजय शंकरसिंह हजारी ने आरोप लगाया है कि हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शेख मुश्ताक शेख अमीर की भूमिका गंभीर है तथा इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के माध्यम से कराई जानी चाहिए।
आवेदन में उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जिला अधीक्षक, भूमि अभिलेख, जालना, उपविभागीय अधिकारी, जालना, सहायक संचालक, नगर रचना, जालना तथा सह जिला निबंधक वर्ग-1, जालना को निर्देशित किया है कि वे आवेदन में उल्लिखित बिंदुओं के अनुषंग से विधिवत जांच कर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें।
जिला प्रशासन द्वारा जारी इन निर्देशों के बाद इस बहुचर्चित मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया को लेकर जनसामान्य की निगाहें टिकी हुई हैं।
