Breaking NewsJalnaPolitics

जालना में भाजपा कार्यालय पर आतिशबाजी के साथ जश्न, नगर परिषद चुनावों में बड़ी जीत से उत्साह

जालना/कादरी हुसैन 

जालना जिले में नगर परिषद चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी में जश्न का माहौल देखने को मिला। जिले की तीन में से दो नगर परिषदों पर भाजपा ने विजय प्राप्त कर अपना परचम लहराया है। वहीं राज्य स्तर पर भी भाजपा को उल्लेखनीय सफलता मिलने से कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा।

रविवार (दि. 21) शाम छह बजे के आसपास घोषित नतीजों के बाद जालना शहर के संभाजीनगर क्षेत्र स्थित भाजपा कार्यालय के सामने पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। आतिशबाजी, ढोल-ताशों की गूंज और जोरदार नारेबाजी के बीच जीत का जश्न मनाया गया। एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो गया।

राज्य की 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम आज घोषित किए गए। इनमें भाजपा ने लगभग 120 स्थानों पर जीत दर्ज की है, जबकि महायुति को कुल 215 सीटों पर सफलता मिली है। इन नतीजों से भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

भाजपा पदाधिकारियों ने इस जीत को जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि विकास, पारदर्शी प्रशासन और स्थिर नेतृत्व की नीति को जनता का समर्थन मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि नगर परिषदों के माध्यम से आगामी समय में विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button