पैठण के पास पाटेगांव में गोदावरी नदी से अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद, इलाके में सनसनी

पैठण/सबदर कुरैशी
पैठण शहर से सटे पाटेगांव क्षेत्र में गोदावरी नदी के पानी से एक अज्ञात व्यक्ति का आधा और कुचला हुआ धड़ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना उस समय सामने आई है, जब ठीक सात दिन पहले इसी क्षेत्र में एक हत्या के मामले में मृत व्यक्ति का शव नदी से बरामद किया गया था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर किसी साजिश के तहत किया गया हत्या का मामला है। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पहचान और घटना की प्रकृति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पैठण पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
