भोकरदन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला की खेप पकड़ी, 32.64 लाख रुपये का माल जब्त

भोकरदन/अमजद खान
दिनांक 24 दिसंबर 2025 को भोकरदन पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी किरण बिडवे को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि 25 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि के आसपास दानापुर–भोकरदन मार्ग से महाराष्ट्र में प्रतिबंधित सुगंधित पान मसाला और गुटखा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहनों के जरिए भोकरदन में बिक्री के लिए लाया जाएगा।
इस सूचना से उपविभागीय पुलिस अधिकारी नितीन कटेकर को अवगत कराते हुए पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में पुलिस उपनिरीक्षक सागर शिंदे, पुलिस कर्मचारी गणेश पिंपळकर, योगेश गवळी, सतीश दोडके, शरद शिंदे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। दो पंचों के साथ टीम रवाना होकर 25 दिसंबर 2025 को रात करीब 1:10 बजे भोकरदन थाना क्षेत्र के वरुड फाटा स्थित भंडारगड परिसर में घेराबंदी की गई।
दानापुर की ओर से आते समय बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक M.H.28.B.B.0825 और M.P.68.ZD.3414 दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वाहन मुड़ने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला, विमल गुटखा, राजनिवास गुटखा और जाफरानी जर्दा भारी मात्रा में बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि यह माल भोकरदन निवासी फिरोज खान मेहमूद खान को आपूर्ति किया जाना था।
वाहन क्रमांक M.H.28.B.B.0825 से लगभग 7,34,400 रुपये मूल्य का राजनिवास सुगंधित पान मसाला, 1,83,600 रुपये मूल्य की जाफरानी जर्दा और करीब 10 लाख रुपये कीमत का बोलेरो मैक्स पिकअप जब्त किया गया। वहीं वाहन क्रमांक M.P.68.ZD.3414 से विमल पान मसाला और तंबाकू (बड़े व छोटे पैक) कुल लगभग 5,46,800 रुपये मूल्य का माल तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत का बोलेरो मैक्स पिकअप बरामद किया गया।
इस प्रकार कुल 32,64,800 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला और वाहन जब्त किए गए। मामले की जानकारी अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग, जालना को दी गई। विभाग के अधिकारी प्रशांत अजिंठेकर की शिकायत पर आरोपियों सरफोद्दीन शेख जैनुद्दीन (उम्र 35 वर्ष, निवासी बुरहानपुर, मध्यप्रदेश), शेख नदीम शेख नफीस (उम्र 27 वर्ष, निवासी बुरहानपुर, मध्यप्रदेश) और फिरोज खान मेहमूद खान (निवासी भोकरदन) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सागर शिंदे कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल और अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी के मार्गदर्शन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. नितीन कटेकर तथा भोकरदन पुलिस थाने की टीम द्वारा की गई।
