नांदेड: बारड तहसील के जवळा मुरार में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत का रहस्य सुलझा

नांदेड/प्रतिनिधि
बारड तहसील के जवळा मुरार गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आर्थिक तंगी से परेशान दो सगे भाइयों ने पहले अपने माता-पिता की गला दबाकर हत्या की और उसके बाद रेलवे ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों भाइयों की आत्महत्या की घटना रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। यह हृदयविदारक घटना 25 दिसंबर को घटी थी।
मृतक रमेश लखे पिछले 25 वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी राधाबाई और दोनों बेटे बजरंग व उमेश मजदूरी और छोटे-मोटे काम करके घर का खर्च और पिता के इलाज का बोझ उठा रहे थे। इसके बावजूद कर्ज का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
आर्थिक हालात बिगड़ने से पूरा परिवार मानसिक तनाव और निराशा में डूबा हुआ था। इसी वैफल्य की स्थिति में दोनों भाइयों ने यह खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया, ऐसी चर्चा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि माता-पिता की हत्या और बाद में आत्महत्या की योजना कई दिनों से बनाई जा रही थी।
