युसुफ पुंजानी का बड़ा राजनीतिक कदम: AIMIM के 5 नगरसेवकों ने अकोट नगर विकास मंच से समर्थन लिया वापस

जालना/कादरी हुसैन
अकोट (वाशिम) की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पांच नगरसेवकों ने अकोट नगर विकास मंच को दिया गया अपना बिना शर्त समर्थन औपचारिक रूप से वापस ले लिया है। यह जानकारी AIMIM महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष मो. युसुफ मो. शफी पुंजानी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
प्रेस नोट के अनुसार, शहर के विकास के उद्देश्य से AIMIM के नगरसेवक रेश्मा परवीन मोहम्मद अजीम, युसुफ खान हादिक खान, हन्नान शाह सुल्तान शाह, दिलशाद बी रज्जाक खान और अफरीन अंजुम मो. शरीफोद्दीन ने पूर्व में अकोट नगर विकास मंच को समर्थन दिया था। हालांकि, बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच दिनांक 7 जनवरी 2026 को सभी पांचों नगरसेवकों ने आपसी सहमति से यह समर्थन पूरी तरह वापस लेने का निर्णय लिया।
यह निर्णय AIMIM अकोट शहर अध्यक्ष आरिफ शाह हन्नान शाह की उपस्थिति में लिया गया। AIMIM की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह फैसला पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस समर्थन वापसी से अकोट नगर परिषद की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।
