AurangabadBreaking NewsJalna

5 हजार की रिश्वत मांगकर 3 हजार स्वीकारते ग्राम राजस्व अधिकारी (तलाठी) रंगेहाथ गिरफ्तार, लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग औरंगाबाद की बड़ी कार्रवाई

जालना/कादरी हुसैन

जालना जिले के सिंधी काळेगांव सजा, तालुका व जिला जालना में पदस्थ ग्राम राजस्व अधिकारी (तलाठी) वर्ग–3 श्री गजानन मनसाराम बारवाल (उम्र 36 वर्ष) को रिश्वत लेते हुए लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी), औरंगाबाद की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वारसाहक्क के फेरफार (नामांतरण) की प्रक्रिया के लिए पहले 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी, बाद में समझौते के तहत 3,000 रुपये स्वीकार किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के पिता का निधन हो चुका था। वारसाहक्क के आधार पर फेरफार में नाम दर्ज कराने हेतु शिकायतकर्ता ने दिनांक 27 जनवरी 2026 को सभी आवश्यक दस्तावेज ग्राम राजस्व अधिकारी को सौंपे थे। इसी दौरान आरोपी तलाठी ने कार्य पूर्ण करने के बदले 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने की इच्छा न होने पर शिकायतकर्ता ने लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग, औरंगाबाद में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर दिनांक 28 जनवरी 2026 को पंचों की उपस्थिति में रिश्वत मांग की पुष्टि की गई। जांच के दौरान आरोपी ने फेरफार में नाम दर्ज कर फाइल मंडलाधिकारी के पास भेजने के लिए पुनः 5,000 रुपये की मांग की तथा बाद में 3,000 रुपये लेने पर सहमति जताई।

इसके पश्चात दिनांक 28 जनवरी 2026 को पंच साक्षियों की मौजूदगी में जालना शहर के रूपनगर क्षेत्र में सापळा (ट्रैप) कार्रवाई की गई। आरोपी ने स्वयं शिकायतकर्ता से 3,000 रुपये रिश्वत स्वीकार किए, जिसके तुरंत बाद एसीबी की टीम ने पंचों के समक्ष उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

आरोपी का विवरण इस प्रकार है —
श्री गजानन मनसाराम बारवाल, पद – ग्राम राजस्व अधिकारी (तलाठी) वर्ग–3, नेमणूक – सिंधी काळेगांव सजा, तालुका व जिला जालना;
निवासी – सिंधी बनवाडी, तालुका भोकरदन, जिला जालना।

फिलहाल आरोपी के निवास स्थान की तलाशी की कार्रवाई जारी है। आरोपी के विरुद्ध पोलीस थाना तालुका जालना, जिला जालना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। आगे की जांच लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग, जालना घटक द्वारा की जा रही है।

यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी केदार कांगणे, अपर पुलिस अधीक्षक श्री शशिकांत सिगारे तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री राजीव तळेकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। सापळा अधिकारी पुलिस निरीक्षक श्री शांतीलाल चव्हाण एवं पुलिस निरीक्षक श्रीमती कोमल शिंदे ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान एसीबी औरंगाबाद की टीम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button