Breaking NewsCrime NewsMumbai

मुंबई: 3 करोड़ से ज्यादा का गुटखा जब्त, महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने प्रतिबंधित गुटखा की तस्करी पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 77 लाख 28 हजार रुपये का गुटखा और संबंधित सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई एंटी-नारकोटिक्स सेल द्वारा पनवेल-मुंबई राजमार्ग पर कामोठे इलाके में की गई।

पुलिस उपायुक्त अमित काले के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 23 वर्षीय फरहान मजीद शेख को गिरफ्तार किया गया, जो टेम्पो कंटेनर (MH48-CB-5931) में 22 लाख 40 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा लेकर जा रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह छापा मारा गया।

पूछताछ के दौरान फरहान ने बताया कि गुटखा भिवंडी तालुका के येवई गांव से लाया गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने तीन अधिकारियों और बीस पुलिसकर्मियों की मदद से उस स्थान पर छापा मारा, जहां चार कंटेनरों में भारी मात्रा में गुटखा भरा हुआ पाया गया। कंटेनरों के चालकों को भी हिरासत में लिया गया है।

इस मामले में फरहान मजीद शेख (निवासी कांदिवली पूर्व, मुंबई) और जितेंद्र मांगीलाल (निवासी वसुनिया, मध्य प्रदेश) सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरहान को 25 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।

कामोठे पुलिस स्टेशन में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 26 और 27 (2)(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गुटखा तस्करी रैकेट के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button