Breaking NewsJalna

भोकरदन नगर परिषद की लापरवाही से आवारा कुत्तों का आतंक; कार्यालय के सामने ही 8 वर्षीय मासूम पर हमला

भोकरदन/करीम लाला

भोकरदन शहर में आवारा कुत्तों का बढ़ता उपद्रव अब जानलेवा साबित हो रहा है। आज भोकरदन नगर परिषद के कार्यालय के सामने ही साई गजानन राऊत (उम्र 8 वर्ष) पर कुत्ते ने हमला कर काट लिया। इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के काम से आए गजानन राऊत अपने बेटे साई को कार्यालय के बाहर खड़ा कर अंदर गए थे। इसी दौरान कुछ ही पलों में एक आवारा कुत्ते ने मासूम पर हमला कर दिया। जिस नगर परिषद पर पूरे शहर की स्वच्छता, सुरक्षा और आवारा कुत्तों के नियंत्रण की जिम्मेदारी है, उसी कार्यालय के सामने यह घटना होना बेहद चिंताजनक और आक्रोशजनक माना जा रहा है।

हमले के बाद घायल बालक को तत्काल ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गनीमत रही कि बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया, लेकिन इस घटना से अभिभावकों में भय का माहौल बन गया है।

शहर में पहले भी कुत्तों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके नगर पालिका और संबंधित ठेकेदार (बॉडी) की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों का सवाल है कि प्रशासन आखिर कब जागेगा—क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही कदम उठाए जाएंगे?

इस घटना की पूरी जिम्मेदारी भोकरदन नगर परिषद और कुत्ता नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालने वाली बॉडी पर ही आती है, ऐसी तीखी प्रतिक्रिया शहरवासियों में देखने को मिल रही है। यदि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो जन आक्रोश और तेज होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button