Breaking NewsJalnaPolitics

जालना मनपा महापौर के लिए वंदना मगरे, उपमहापौर के लिए राजेश राऊत तय; भाजपा ने भेजा प्रस्ताव

जालना/कादरी हुसैन

भारतीय जनता पार्टी ने जालना महानगरपालिका के महापौर और उपमहापौर पदों के लिए अपने आधिकारिक उम्मीदवारों के नाम तय कर पार्टी नेतृत्व को प्रस्ताव भेज दिया है। भाजपा की ओर से महापौर पद के लिए श्रीमती वंदना अरुण मगरे तथा उपमहापौर पद के लिए श्री राजेश रामभाऊ राऊत के नाम पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है।

यह निर्णय बुधवार, 5 फरवरी 2026 को जालना में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया। बैठक भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय रेल राज्यमंत्री माननीय श्री रावसाहेब पाटील दानवे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व मंत्री व विधायक श्री बबनराव लोणीकर, भाजपा जालना जिला अध्यक्ष एवं विधायक श्री नारायण कुचे, पंचायत राज समिति प्रमुख विधायक श्री संतोष पाटील दानवे, पूर्व विधायक व मनपा चुनाव प्रचार प्रमुख श्री कैलास किशनराव गोरंट्याल तथा भाजपा जालना महानगर अध्यक्ष श्री भास्कर मुकुंदराव पाटील दानवे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

बैठक में अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित महापौर पद तथा उपमहापौर पद को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि महापौर और उपमहापौर दोनों पदों का कार्यकाल 15-15 माह (सव्वा वर्ष) का होगा।

प्रथम चरण में महापौर पद के लिए श्रीमती वंदना अरुण मगरे और उपमहापौर पद के लिए श्री राजेश रामभाऊ राऊत की नियुक्ति का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस प्रस्ताव को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से औपचारिक मंजूरी देने का अनुरोध किया गया है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय मुख्यमंत्री माननीय श्री देवेंद्र फडणवीस के साथ हुई चर्चा तथा राजस्व मंत्री एवं महाराष्ट्र राज्य के मनपा चुनाव प्रभारी माननीय श्री चंद्रशेखर बावनकुळे और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष माननीय श्री रविंद्र चव्हाण के मार्गदर्शन के अनुरूप लिया गया है।

प्रस्ताव पर पूर्व विधायक एवं मनपा चुनाव प्रचार प्रमुख श्री कैलास किशनराव गोरंट्याल तथा भाजपा जालना महानगर अध्यक्ष श्री भास्कर मुकुंदराव पाटील दानवे के हस्ताक्षर हैं। पार्टी नेतृत्व से शीघ्र ही इस पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button