Breaking NewsMadhya PradeshPolitics

HC में अंबेडकर की मूर्ति नहीं लगी तो मनु की भी नहीं रहेगी; प्रतिमा विवाद में भीम सेना ने दी धमकी

ग्वालियर हाईकोर्ट में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने को लेकर जारी विवाद अब उग्र होता जा रहा है। वकीलों के एक समूह द्वारा प्रतिमा लगाए जाने का विरोध किए जाने के बाद अब भीमसेना की इस मुद्दे पर एंट्री हो गई है। भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर ने वीडियो जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर ग्वालियर में बाबा साहब की मूर्ति नहीं लगाई गई, तो राजस्थान की जयपुर हाईकोर्ट परिसर में लगी मनु की प्रतिमा को भी नहीं रहने दिया जाएगा।

सतपाल तंवर का उग्र बयान

गुरुग्राम निवासी नवाब सतपाल तंवर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा, “तुम्हारे बाप की इतनी औकात नहीं है जो ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहब की मूर्ति लगाने से रोक सको। अगर अंबेडकर की प्रतिमा नहीं लगी, तो जयपुर से मनु की मूर्ति हटाना तय है।”

तंवर ने वीडियो में तीखी टिप्पणियों के साथ यह भी कहा कि जब ‘मनुवादी पूर्वज संविधान नहीं बना सके, तब एक दलित और शूद्र के बेटे बाबा साहब ने भारत का संविधान रचा।’

भीम सैनिकों को ग्वालियर और जयपुर पहुंचने के आदेश

अपने संदेश में सतपाल तंवर ने भीम सेना के कार्यकर्ताओं से ग्वालियर और जयपुर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा, “शायद अब बाबा साहब के स्वाभिमान और मान-सम्मान की रक्षा के लिए बलिदान का वक्त आ गया है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि जल्द ही भीमसेना इस मुद्दे पर बड़ा निर्णय लेकर आंदोलन का आदेश देगी।

2018 में भी उठा था मूर्ति विवाद

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में भी जयपुर हाईकोर्ट परिसर में लगी मनु की मूर्ति पर हमला हुआ था। उस वक्त बिहार की दो महिलाओं ने मूर्ति पर कालिख पोत दी थी, जिससे देशभर में विवाद गहरा गया था। अब एक बार फिर वही मूर्ति विवाद के केंद्र में है।

विवाद गहराने के आसार

ग्वालियर हाईकोर्ट में प्रतिमा लगाने को लेकर अदालत परिसर के भीतर ही मतभेद उभर चुके हैं। ऐसे में भीम सेना की एंट्री और तीखी भाषा में चेतावनी के बाद विवाद और अधिक गहराने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और न्यायपालिका की ओर से अब तक इस मसले पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button