जालना में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के विरोध में भाजपा का आंदोलन

जालना/कादरी हुसैन
आज रविवार, 15 तारीख को दोपहर 12:30 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालना में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जोरदार आंदोलन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना देते हुए तीखी नारेबाजी की।
आंदोलन के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी हुई। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने समय पर हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि हर्षवर्धन सपकाल अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने एक दिन पहले छत्रपति शिवाजी महाराज और टीपू सुल्तान की तुलना करते हुए दोनों को समान बताया था। इसी बयान के विरोध में आज जालना में कांग्रेस सांसद कल्याण काले के संपर्क कार्यालय के सामने भाजपा की ओर से नारेबाजी कर आंदोलन किया गया।
आंदोलन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षवर्धन सपकाल के फोटो पर जूते मारकर विरोध दर्ज कराया और चेतावनी दी कि यदि उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के संबंध में दिए गए अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगी, तो उनके चेहरे पर कालिख पोतने जैसा कड़ा विरोध किया जाएगा।