AurangabadBreaking News

औरंगाबाद में कागज़ी राशन कार्ड होंगे बंद, अब मिलेंगे पीवीसी स्मार्ट कार्ड

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

औरंगाबाद से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय सामने आया है। राज्य सरकार ने पारंपरिक कागज़ी राशन कार्ड को बंद कर उनकी जगह एटीएम कार्ड की तरह मजबूत और टिकाऊ पीवीसी (PVC) स्मार्ट कार्ड जारी करने का फैसला लिया है। इस निर्णय से लाखों नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

क्यों लिया गया यह फैसला?

वर्तमान में उपयोग में आ रहे कागज़ी राशन कार्ड अक्सर बारिश में भीगकर खराब हो जाते हैं या लगातार उपयोग से फट जाते हैं। कई बार उन पर छपे अक्षर मिट जाते हैं, जिससे राशन दुकानों पर अनाज लेते समय या अन्य सरकारी कामकाज में नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

सरकार ने नागरिकों की इन परेशानियों को ध्यान में रखते हुए अधिक सुरक्षित और लंबे समय तक टिकने वाले पीवीसी स्मार्ट कार्ड जारी करने का निर्णय लिया है।

एटीएम कार्ड की तरह होंगे मजबूत

नए पीवीसी राशन कार्ड एटीएम कार्ड की तरह मजबूत और जेब में आसानी से रखे जा सकने वाले होंगे। ये पानी से खराब नहीं होंगे और लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगे। इससे लाभार्थियों को बार-बार कार्ड बदलवाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

निविदा प्रक्रिया शुरू

राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। ‘महाटेंडर’ पोर्टल के माध्यम से पात्र कंपनी का चयन किया जाएगा। चयनित एजेंसी द्वारा स्मार्ट कार्ड तैयार कर लाभार्थियों तक पहुंचाए जाएंगे।

क्या रहेगा आगे का प्रक्रिया?

सरकार जल्द ही कार्ड वितरण की विस्तृत प्रक्रिया और दिशा-निर्देश जारी करेगी। तब तक वर्तमान कागज़ी राशन कार्ड मान्य रहेंगे। नए स्मार्ट कार्ड मिलने के बाद पुराने कार्ड स्वतः अमान्य हो जाएंगे।

यह फैसला सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक मजबूत, सुरक्षित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button