औरंगाबाद में सनसनीखेज वारदात: प्रेम संबंध के विवाद में मां ने की बेटी की हत्या, रिक्षा चालक की सतर्कता से खुला राज

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध को लेकर घर में चल रहे विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक मां ने गुस्से में अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। यह चौंकाने वाली घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले में वाळूज पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मृत युवती की पहचान 21 वर्षीय नंदिनी राजू धिवरे के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी उसकी मां भारती उमेश साबळे है। सह-आरोपियों में सौतेले पिता उमेश गोविंद साबळे और मामा अमोल गायकवाड शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नंदिनी की शादी हो चुकी थी, लेकिन वह अपने पति से अलग होकर पिछले तीन वर्षों से अपनी मां के साथ रह रही थी। इस दौरान उसका एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। हालांकि, उसकी मां इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थी।
19 फरवरी की दोपहर घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, तभी मां-बेटी के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। बहस के दौरान नंदिनी ने मां से कहा कि जब आपने दूसरी शादी की है तो मेरे प्रेम करने में क्या आपत्ति है? इसी बात से आक्रोशित होकर भारती ने पास में पड़े रबर के पाइप से नंदिनी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गद्दे में लपेटकर शव ठिकाने लगाने की साजिश
हत्या के बाद भारती ने अपने पति उमेश और भाई अमोल को घर बुलाया। तीनों ने मिलकर नंदिनी के शव को गद्दे में लपेट दिया। किसी को शक न हो, इसके लिए उन्होंने घर बदलने का बहाना बनाया और रिक्षा में घरेलू सामान, पानी के ड्रम और उसी के साथ गद्दे में लिपटा शव रख दिया। योजना थी कि कन्नड के एक खेत में शव को गुपचुप दफना दिया जाए।
रिक्षा चालक की सतर्कता से खुला मामला
जब रिक्षा तिसगांव चौफुली क्षेत्र में पहुंची तो चालक को आरोपियों की गतिविधियों और सामान को लेकर संदेह हुआ। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रिक्षा की जांच की तो अंदर गद्दे में लिपटा युवती का शव मिला। यह दृश्य देखकर अधिकारी भी स्तब्ध रह गए।
शुरुआत में आरोपी मां ने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।