बीड में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से 5.85 लाख के सोने के गहनों की लूट, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर वारदात

बीड/प्रतिनिधि
महाराष्ट्र के बीड जिले में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अंबाजोगाई तालुका के डिघोलअंबा गांव के पास चार अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर करीब 5 लाख 85 हजार रुपये कीमत के सोने के गहने लूट लिए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद जिलेभर के व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।
धारूर तालुका के निवासी बिभीषण गणपती गायके हर शनिवार डिघोलअंबा गांव में गहनों की बिक्री के लिए जाते हैं। शनिवार सुबह वह अपनी दोपहिया वाहन से पुराने होळ मार्ग से होते हुए डिघोलअंबा शिवार स्थित दरगाह के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार 20 से 25 वर्ष आयु के चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।
बदमाशों ने अचानक व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे उन्हें कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया। इसका फायदा उठाकर आरोपियों ने गहनों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में 12 ग्राम का सोने का हार, 4 ग्राम के झुमके, कानफूल और मंगलसूत्र सहित कुल 5 लाख 85 हजार रुपये के आभूषण थे।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, सभी लुटेरों ने अपने चेहरे रुमाल से ढक रखे थे। व्यस्त सड़क पर इस तरह की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। उल्लेखनीय है कि बीड जिले में सराफा व्यापारी से लूट की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले माजलगांव में भी इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है।
फिलहाल इस मामले में युसूफवडगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।