Breaking NewsCrime NewsMaharashtra

कोल्हापुर के KIT इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरु बना गुनहगार: पढ़ाई के बहाने केबिन में बुलाकर की शर्मनाक हरकत, प्रोफेसर सौरभ जोशी के खिलाफ़ मामला दर्ज

कोल्हापुर/प्रतिनिधि 

महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित KIT इंजीनियरिंग कॉलेज में एक प्रोफेसर के खिलाफ छात्रा के साथ कथित रूप से अश्लील व्यवहार और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इस मामले में छात्रा की शिकायत के आधार पर गोकुल शिरगांव पुलिस थाने में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर का नाम सौरभ जोशी बताया जा रहा है। पीड़ित छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रोफेसर ने पढ़ाई के बहाने उसे अपने केबिन में बुलाया और उसके साथ करीब आने की कोशिश की। छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर ने उससे आपत्तिजनक बातें भी कीं और कहा कि “Treat me as your close friend” यानी मुझे अपना करीबी दोस्त समझो।

छात्रा के अनुसार, शुरुआत में उसने इस व्यवहार को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब प्रोफेसर की हरकतें बढ़ने लगीं तो वह परेशान हो गई। लगातार मानसिक दबाव और असहज माहौल के कारण अंततः छात्रा ने हिम्मत जुटाकर इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद गोकुल शिरगांव पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ विनयभंग सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज के अन्य छात्रों और छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या किसी अन्य छात्रा के साथ भी इसी तरह की घटना हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button