Breaking NewsCMBC PlatformIndia & The StatesInternationalKhan Aejaz Ahemad

गैस संकट और युद्ध के माहौल में संयम रखें – CMBC डायरेक्टर खान एजाज़ अहमद की देशवासियों से अपील

खासदार टाईम्स वृत्तसेवा

ईरान, इज़राइल और अमेरिका सहित खाड़ी देशों के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण गैस आपूर्ति की स्थिति प्रभावित होने से कई जगहों पर एलपीजी गैस को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। शहरों और कस्बों में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष इस मुद्दे को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमलावर है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

इसी बीच इस गंभीर परिस्थिति में CMBC के डायरेक्टर, खासदार टाईम्स के मुख्य संपादक तथा सामाजिक कार्यकर्ता खान एजाज़ अहमद ने देशवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में देश को एकजुट रहने की आवश्यकता है, न कि एक-दूसरे पर आरोप लगाने और माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बनाने की।

खान एजाज़ अहमद ने कहा कि जब खाड़ी देशों में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति प्रभावित हो रही है, तो ऐसे समय में भारत सरकार भी सीमित परिस्थितियों में ही कदम उठा सकती है। उन्होंने कहा कि इस समय राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर देशहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि देश पहले भी कई कठिन दौर से गुजर चुका है। कोरोना महामारी के समय पूरा देश एकजुट होकर सरकार और प्रशासन के साथ खड़ा हुआ था और उसी एकता के बल पर भारत ने उस वैश्विक संकट का सामना किया था। आज फिर वही परिस्थिति सामने है, इसलिए देशवासियों को धैर्य और समझदारी से काम लेना होगा।

खान एजाज़ अहमद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, गैस की अनावश्यक जमाखोरी न करें और जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर लें ताकि सभी लोगों तक गैस की आपूर्ति पहुंच सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैसे ही अंतरराष्ट्रीय हालात में सुधार होगा, भारत में भी गैस आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह समय देश को कमजोर करने का नहीं बल्कि मजबूती से खड़ा करने का है। अगर हम सब मिलकर संयम और एकता का परिचय देंगे तो यह संकट भी जल्द ही समाप्त हो जाएगा और भारत फिर से मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button