AurangabadBreaking News

पैठण/आपेगांव में आकाशीय बिजली का कहर: दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

पैठण/सबदर कुरैशी

औरंगाबाद जिले में अवकाली (बेमौसम) बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबड तालुका के महांकाला गांव निवासी गोविंद प्रल्हाद लहाने (उम्र 21 वर्ष) और आदित्य दगडू बेंद्रे (उम्र 20 वर्ष) अपने एक अन्य साथी के साथ विज्ञानेश्वर मंदिर, आपेगांव दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान शाम के समय अचानक बेमौसम बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए तीनों युवक महांकाला से पिंपलगांव रोड पर नाथनगर वस्ती के पास एक नींबू के पेड़ के नीचे रुक गए। तभी अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से गोविंद लहाने और आदित्य बेंद्रे की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद महांकाला गांव में शोक का माहौल है। गांववासियों और परिजनों में गहरा दुख व्याप्त है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक धार्मिक आस्था के चलते मंदिर दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह दुखद हादसा हो गया।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान पेड़ों या खुले स्थानों के नीचे खड़े होने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button